राज्य स्तरीय किन्नर महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन

पटना। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, पटना के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को प्रेमचंद रंगशाला, पटना में राज्य स्तरीय किन्नर महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की माननीय मंत्री श्रीमती शीला मंडल, विधायक श्री श्याम रजक, पटना की महापौर श्रीमती सीता साहू, उपमहापौर श्रीमती रश्मि चंद्रवंशी, दोस्ताना सफर की संस्थापक श्रीमती रेशमा जी एवं किन्नर समुदाय की प्रतिनिधि मीरा जी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कलाकार एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य किन्नर समुदाय की प्रतिभा, कला एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को सम्मानजनक मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज में समानता, सम्मान एवं समावेशिता की भावना को मजबूत करना रहा।
महोत्सव के दौरान विभिन्न राज्यों एवं समुदायों के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। दोस्ताना सफर द्वारा स्वागत कार्यक्रम से सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात उड़ीसा नृत्य समूह द्वारा भुवनेश्वर के कलाकारों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुत की गई। वहीं नेपाल के कलाकारों ने पारंपरिक लोक नृत्य के माध्यम से अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की।
इसके बाद दास रेनबो समूह द्वारा पं. भीमसेन संगीत पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बबीता किन्नर समूह द्वारा लोक गायन एवं प्रस्तुति, मणिपुरी नृत्य समूह द्वारा मणिपुरी लोक नृत्य एवं राधा-कृष्ण आधारित प्रस्तुति तथा दोस्ताना सफर के स्थानीय कलाकारों द्वारा नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने किन्नर समुदाय के कलाकारों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सम्मान, समानता और समावेशिता की भावना को मजबूत करते हैं। किन्नर समुदाय को अपनी कला एवं प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना सामाजिक समरसता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
किन्नर महोत्सव-2026 ने सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक समावेशन और किन्नर समुदाय की प्रतिभा को एक साथ मंच प्रदान करते हुए उपस्थित दर्शकों के बीच एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायी संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला कला संस्कृति पदाधिकारी, पटना सुश्री कीर्ति आलोक, नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य पदाधिकारी, विभागीय कर्मी, कलाकार एवं बड़ी संख्या में कला प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।