महात्मा गाँधी ने दुनिया को सत्य, अहिंसा ही नहीं, बल्कि इंसानियत की भी दी बहुमूल्य शिक्षा- प्रो हरे कृष्ण सिंह

दरभंगा : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के तत्वावधान में 157वीं गांधी जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को बी.एड. (नियमित), शिक्षाशास्त्र विभाग में ‘गांधी का जीवन एवं उनके कार्य’ विषय पर विश्वविद्यालय स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों एवं महाविद्यालयों के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महात्मा गांधी के जीवन-दर्शन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा सामाजिक एवं शैक्षणिक विचारों को अपनी लेखनी द्वारा अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता में बी.एड. (नियमित) सत्र 2025–27 एवं 2026–28 के छात्र-छात्राएं, ए.पी.जे. अब्दुल कलाम महिला प्रौद्योगिकी संस्थान, विश्वविद्यालय राजनीति शास्त्र विभाग, विश्वविद्यालय हिन्दी विभाग, विश्वविद्यालय संस्कृत विभाग, विश्वविद्यालय अर्थशास्त्र विभाग, विश्वविद्यालय गणित विभाग, विश्वविद्यालय वाणिज्य विभाग तथा मारवाड़ी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
इस अवसर पर दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो हरे कृष्ण सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन से छात्र-छात्राओं को गाँधी को पढ़ने एवं समझने का अवसर मिलता है। कहा कि महात्मा गांधी ने दुनिया को केवल सत्य एवं अहिंसा ही नहीं, बल्कि इंसानियत की भी दी बहुमूल्य शिक्षा। बी.एड. (नियमित) के विभागाध्यक्ष डॉ अरविन्द कुमार मिलन ने निदेशक प्रो हरे कृष्ण सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं रचनात्मक आयोजनों से विद्यार्थियों में चिंतनशीलता, लेखन-कौशल, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि निदेशक प्रो सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित ऐसे कार्यक्रम विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को एक नया आयाम प्रदान करेंगे।
डॉ मिलन ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें 157वीं गांधी जयंती की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं तथा महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वावलंबन एवं नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आवाह्न किया। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षाशास्त्र विभाग के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे तथा आयोजन के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।