IFFJK 2026 के पहले दिन बिहार पवेलियन का उद्घाटन
फिल्म निगम की महाप्रबंधक श्रीमती रूबी ने किया उद्घाटन, देश-विदेश के फिल्मकारों ने बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति में दिखाई रुचि
- बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति, 2024, शूटिंग लोकेशन और सरकार की सुविधाओं की दी जा रही जानकारी
- जम्मू-कश्मीर सरकार के निमंत्रण पर श्रीमती रूबी के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कर रहा बिहार का प्रतिनिधित्व
श्रीनगर। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ जम्मू-कश्मीर (IFFJK 2026) के पहले दिन श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर में बिहार पवेलियन का उद्घाटन बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की महाप्रबंधक श्रीमती रूबी ने किया। 7 से 10 सितंबर तक चलने वाले चार दिवसीय फेस्टिवल में 40 देशों की 135 फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी।
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत फिल्म निगम द्वारा स्थापित पवेलियन में बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति, 2024, फिल्म निर्माण पर मिलने वाले अनुदान, शूटिंग की अनुमति, विविध शूटिंग लोकेशन एवं सरकार की सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं ने पवेलियन का दौरा कर बिहार में फिल्म निर्माण की संभावनाओं में रुचि दिखाई।
श्रीमती रूबी ने कहा कि बिहार की भौगोलिक विविधता और समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर इसे फिल्मों एवं वेब सीरीज की शूटिंग के लिए उपयुक्त बनाती है। राज्य में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा राष्ट्रीय महत्व के 71 स्मारक एवं पुरातात्विक अवशेष हैं।
चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
जम्मू-कश्मीर सरकार के निमंत्रण पर श्रीमती रूबी के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम IFFJK में बिहार का प्रतिनिधित्व कर रही है। टीम फिल्म निर्माताओं एवं फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों से संवाद कर बिहार की नीति, सुविधाओं और शूटिंग लोकेशन की जानकारी देगी तथा निवेश की संभावनाओं को समझेगी।
प्रतिनिधिमंडल में परामर्शी (फिल्म) अरविंद रंजन दास, सहायक प्रबंधक (फिल्म) उत्तम ज्योति नारायण और परामर्शी (संचार) कुमार गौरव शामिल हैं।
IFFJK में मगही फिल्म ‘स्वाहा’ की स्क्रीनिंग
फेस्टिवल में बिहार की मगही फीचर फिल्म ‘स्वाहा’ की भी स्क्रीनिंग होगी। वर्ष 2024 में बनी यह 99 मिनट की फिल्म गया के मुसहर समुदाय के वर्गीय संघर्ष, जातीय भेदभाव और धार्मिक मोहभंग के साथ एक मां के संघर्ष की कहानी प्रस्तुत करती है। फिल्म के निर्देशक अभिलाष शर्मा हैं और निर्माता विकास कुमार हैं।
‘स्वाहा’ अब तक 13 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है, जिनमें शंघाई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के सर्वश्रेष्ठ निर्देशक एवं सर्वश्रेष्ठ कलाकार, न्यूयॉर्क के सोशली रेलेवेंट फिल्म फेस्टिवल का सर्वश्रेष्ठ फिल्म तथा स्पेन के इमेजिन इंडिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का सर्वश्रेष्ठ मानवीय फिल्म—लाइफ अवार्ड शामिल हैं। फिल्म 30 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित हो चुकी है और भारत के अलावा इटली, जर्मनी, कनाडा, तुर्की एवं बांग्लादेश में भी दिखाई गई है।
फिल्म में चंद्रशेखर दत्ता, सोनाली शर्मिठा, सत्यरंजन और बुल्लो कुमार मुख्य भूमिकाओं में हैं तथा संगीत मोहनदास वी.पी. ने दिया है।
अभिलाष शर्मा पटना में पले-बढ़े हैं। उन्होंने NSD से थिएटर निर्देशन, ओ.पी. शर्मा से फोटोग्राफी और अशोक तलवार से एडिटिंग का प्रशिक्षण लिया। वर्ष 2007 में मुंबई जाकर उन्होंने हवाई दादा, कर्ज़ और तेरे संग जैसी फिल्मों में सह-निर्देशक एवं लेखक के रूप में काम किया। वर्ष 2022 में उनकी पहली फीचर फिल्म अचल रहे सुहाग बनी, जो भोजपुरी में थी और पूरी तरह बिहार में शूट हुई।